
जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमला, छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले की मजदूर दीपक रात्रे की गोली मारकर हत्या, रोजी-रोटी कमाने गए थे कश्मीर, गांव पहुंची मौत की खबर तो पसरा मातम…
जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमला, छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले की मजदूर दीपक रात्रे की गोली मारकर हत्या, रोजी-रोटी कमाने गए थे कश्मीर, गांव पहुंची मौत की खबर तो पसरा मातम…
छत्तीसगढ़:- जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। आतंकियों ने मजदूरों से पहले उनकी पहचान और नाम पूछा, फिर उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, इस हमले में सक्ती जिले के बुंदेली गांव निवासी दीपक रात्रे की मौके पर ही गोली लगने से मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया है, जबकि प्रशासन पार्थिव शरीर को सक्ती लाने की प्रक्रिया में जुट गया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के केलम क्षेत्र में आतंकियों ने ईंट भट्ठे में काम कर रहे मजदूरों को निशाना बनाया। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, आतंकियों ने पहले वहां मौजूद मजदूरों से उनकी पहचान और नाम पूछे, जिसके बाद अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में सक्ती जिले के बुंदेली गांव निवासी दीपक रात्रे की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि दीपक रात्रे बचपन से ही अपने मामा के घर हरदीडीह (जैजैपुर) में रहकर पढ़ाई-लिखाई कर रहा था। उसकी शादी भी मामा के घर से ही हुई थी। करीब एक वर्ष पहले वह अपनी पत्नी और भाई के साथ रोजी-रोटी की तलाश में जम्मू-कश्मीर गया था, जहां वह ईंट भट्ठे में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था।
घटना की जानकारी देर रात सक्ती प्रशासन को मिली। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम को मृतक के परिजनों के घर भेजा गया, जहां परिवार को इस दुखद घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण भी गहरे सदमे में हैं।
फिलहाल प्रशासन मृतक के पार्थिव शरीर को सक्ती लाने की प्रक्रिया और शासन स्तर पर आवश्यक समन्वय में जुटा हुआ है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।



