Advertisment
Screenshot_20260201_080007
Advertisment
PoliticsChhattisgarhJanjgir–ChampaState & Local News

बालेश्वर साहू मामला: नारायण चंदेल का भूपेश बघेल और कांग्रेस पर तीखा प्रहार, कांग्रेस बताए किसान के साथ है या आरोपी विधायक के साथ…

 

जांजगीर-चांपा :- भाजपा कार्यालय जांजगीर में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कांग्रेस और उसके शीर्ष नेताओं पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल यह स्पष्ट करें कि उनकी पार्टी किसानों के साथ खड़ी है या फिर अपराधियों के साथ। चंदेल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का अपराधियों को बचाने का पुराना रवैया एक बार फिर छत्तीसगढ़ की जनता के सामने उजागर हो गया है।
नारायण चंदेल ने कहा कि धोखाधड़ी के आरोपी जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू को कांग्रेस नेताओं का खुला समर्थन यह साबित करता है कि कांग्रेस किसानों की नहीं, बल्कि अपराधियों की हितैषी है। उन्होंने बताया कि आरोपी विधायक पर पीड़ित किसान से 42 लाख 78 हजार रुपये की धोखाधड़ी का गंभीर आरोप है। न्यायालय ने पुख्ता सबूतों के आधार पर आरोपी को जेल भेजा है, इसके बावजूद कांग्रेस का उसके पक्ष में खड़ा होना शर्मनाक है और यह उनकी किसान विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस हमेशा अपराधियों के साथ खड़ी रही है और किसानों के हितैषी होने का ढोंग करती आई है। उन्होंने मांग की कि किसान से धोखाधड़ी करने वाले विधायक बालेश्वर साहू को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए और कांग्रेस पार्टी उसे निष्कासित करे। चंदेल ने स्पष्ट किया कि यह पूरा मामला कानून, जांच और न्यायालय की प्रक्रिया से जुड़ा है, न कि किसी राजनीतिक दबाव का परिणाम।
उन्होंने बताया कि बालेश्वर साहू के खिलाफ अलग-अलग समय पर तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं और उन पर भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 और 34 के तहत गंभीर आरोप हैं। जांच के दौरान सह-आरोपी गौतम राठौर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां सभी साक्ष्यों के अवलोकन के बाद न्यायिक आदेश पारित हुआ।
नारायण चंदेल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता लगातार जेल जाकर आरोपी विधायक से मुलाकात कर नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं, जो पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेश का सम्मान करना सभी का कर्तव्य है, लेकिन कांग्रेस नेता कानून की मर्यादा को ठेस पहुंचा रहे हैं। इस पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े, सरगुजा जिला संगठन प्रभारी कृष्णकांत चंद्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी, जिला उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, जिला प्रवक्ता विकास शर्मा, आईटी सेल संयोजक अनिल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Lakheshwar Yadav

Office Add. - Link Road, Angel Sports Complex Janjgir, 495668 Mob.9755932150

Related Articles

Back to top button