
गिधौरी चौक से शिवरीनारायण पुल मार्ग पर 300 मीटर सड़क निर्माण, एक महीने तक बदली रहेगी यातायात व्यवस्था, 25 अगस्त से 25 सितंबर तक यातायात डायवर्ट…
गिधौरी चौक से शिवरीनारायण पुल मार्ग पर 300 मीटर सड़क निर्माण, एक महीने तक बदली रहेगी यातायात व्यवस्था, 25 अगस्त से 25 सितंबर तक यातायात डायवर्ट..
जांजगीर-चांपा जिले से लगे शिवरीनारायण महानदी पुल पहुंच मार्ग पर सड़क निर्माण के चलते करीब एक महीने तक यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। गिधौरी चौक से शिवरीनारायण महानदी पुल तक करीब 300 मीटर लंबाई में सीमेंट-कंक्रीट सड़क का निर्माण किया जाना है। निर्माण कार्य को देखते हुए पुलिस ने वाहनों के सुगम आवागमन के लिए रूट डायवर्जन की व्यवस्था की है।
दरअसल, गिधौरी चौक से शिवरीनारायण महानदी पुल पहुंच मार्ग पर 300 मीटर लंबाई में सीमेंट-कंक्रीट सड़क का निर्माण कार्य प्रस्तावित है। इस मार्ग पर वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण निर्माण के दौरान यातायात प्रभावित होने और जाम की स्थिति बनने की आशंका है।
यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल और वाहनों की व्यवस्था करने कहा गया है। वाहनों के सुगम आवागमन के लिए रूट डायवर्जन की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है। इस संबंध में बलौदाबाजार-भाटापारा के पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जांजगीर-चांपा और सारंगढ़ के पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेजा गया है।
वही बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक बल और वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस के निर्देश के मुताबिक यह यातायात व्यवस्था 25 अगस्त 2026 से 25 सितंबर 2026 तक लागू रहेगी। यानी करीब एक महीने तक इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को बदली हुई यातायात व्यवस्था का पालन करना होगा।
ऐसे में वाहन चालकों से अपील है कि वे निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।



