
Breaking NewsChhattisgarhInternational NewsJanjgir–ChampaNational NewsRaipurSpecial ReportsState & Local NewsSuccess Stories
गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ जांजगीर-चांपा : जिले की साइबर जागृति राखी ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, 432 ग्राम पंचायतों समेत कई स्थानों पर एक साथ बंधी राखी, 1.70 लाख से अधिक लोग हुए शामिल, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ जिले का नाम…
- गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ जांजगीर-चांपा : जिले की साइबर जागृति राखी ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड,
- 432 ग्राम पंचायतों समेत कई स्थानों पर एक साथ बंधी राखी, 1.70 लाख से अधिक लोग हुए शामिल, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ जिले का नाम…
जांजगीर-चांपा जिले ने साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता की अनोखी पहल करते हुए गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय की पहल पर जिलेभर में एक साथ साइबर जागृति राखी अभियान चलाया गया, जिसमें एक लाख से अधिक लोगों ने साइबर अपराध से बचाव का संकल्प लिया।
जांजगीर-चांपा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने अनूठी पहल की। जिले की 432 ग्राम पंचायतों, 50 से अधिक कॉलोनियों, स्कूल-कॉलेजों, जेल, पुलिस थानों सहित विभिन्न संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर एक साथ साइबर जागृति राखी बांधी गई।
इस अभियान का उद्देश्य लोगों को साइबर अपराध से सतर्क करना और ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करना था। एक ही समय में अलग-अलग स्थानों पर बड़ी संख्या में लोगों ने साइबर जागृति राखी बांधकर साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।

जांजगीर के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय और ” गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड” के छत्तीसगढ़ प्रभारी मौजूद रहे। इस दौरान अभियान के लिए गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से प्रोविजनल प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के छत्तीसगढ़ प्रभारी ने बताया कि 432 ग्राम पंचायतों सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर एक साथ आयोजित यह अभियान रिकॉर्ड के लिए दर्ज किया गया है। अभियान से संबंधित फोटो और वीडियो का संकलन एवं सत्यापन पूरा होने के बाद करीब 8 से 10 दिनों के भीतर ओरिजिनल प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने इस उपलब्धि पर जिलेवासियों और पुलिस टीम को बधाई दी। उन्होंने बताया कि अभियान में एक लाख 70 हजार से अधिक लोग शामिल हुए, जो साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता का बड़ा संदेश है, साइबर अपराध से बचाव के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस की यह पहल अब वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गई है। जिले की इस उपलब्धि को लेकर पुलिस विभाग और जिलेवासियों में खुशी और गर्व का माहौल है।



