
अंतर्राज्यीय चोर गिरोह पर गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्यवाही, 4 चोरी की वारदातों का हुआ खुलासा, 96 मोबाइल, सोना-चांदी के आभूषण और नगदी सहित 27 लाख से अधिक का माल बरामद…
- अंतर्राज्यीय चोर गिरोह पर गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्यवाही
- देवभोग और अमलीपदर थाना क्षेत्र की 4 चोरी की वारदातों का हुआ खुलासा
- 96 मोबाइल, सोना-चांदी के आभूषण और नगदी सहित 27 लाख से अधिक का माल बरामद
गरियाबंद:- वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में जिले में घटित चोरी के प्रकरणों में आरोपियों की पतासाजी हेतु गंभीरता पूर्वक निरंतर प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना अमलीपदर क्षेत्र में दिनांक 14.10.2025 की रात्रि 12.00 बजे से प्रातः 08.15 बजे के मध्य चन्द्रशेखर सिंह ठाकुर की मोबाइल दुकान (बस स्टैण्ड चौक अमलीपदर) में सेंधमारी कर 73 नग मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक सामग्री चोरी कर ली गई थी। इस घटना पर थाना अमलीपदर में अपराध क्रमांक 115/25 धारा 331(4), 305 बीएनएस0 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मैनपुर विकास पाटले के नेतृत्व में थाना प्रभारी देवभोग निरीक्षक फैजुल होदा शाह एवं थाना प्रभारी अमलीपदर उप निरीक्षक दिलीप मेश्राम सहित स्पेशल टीम गठित की गई। टीम ने आसूचना के आधार पर चांदाहाण्डी (उड़ीसा), देवभोग एवं परसदा (रायपुर) में दबिश दी।
विवेचना के दौरान हिरासत में लिए गए संदेही सूरज बारिक पिता भुवनेश्वर बारिक (उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम बरिगुड़ा, जिला नवरंगपुर, उड़ीसा) ने पूछताछ में चोरी की घटना को स्वीकार किया तथा बताया कि इस वारदात में अन्य पांच साथी भी शामिल हैं। उसने बताया कि चोरी के बाद सभी आरोपी चांदाहाण्डी (उड़ीसा) में छिपे हुए थे और उड़ीसा राज्य में भी चोरी की कई घटनाओं में सक्रिय थे।
आरोपी की निशानदेही पर 96 नग मोबाइल कीमती ₹12,10,400 तथा कार एवं मोटरसाइकिल कीमती ₹6,30,000 जप्त किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने थाना देवभोग के दो अन्य चोरी के मामलों (अ.क्र. 95/25 व 181/25) और उरमाल थाना के एक मामले (अ.क्र. 106/25) में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। चोरी का माल उन्होंने अपने परिचित प्रीत मिस्त्री और दीप उर्फ ध्रुवा मिस्त्री (निवासी परसदा, रायपुर) को बेचने के लिए दिया था।
टीम ने दोनों आरोपियों के घर दबिश दी, जहां दीप मिस्त्री फरार हो गया, जबकि उसकी पत्नी प्रीत मिस्त्री को पूछताछ में चोरी का सामान अपने पास रखना स्वीकार किया। उसके पास से सोना-चांदी के आभूषण व मूर्तियां (कीमत ₹8,45,120) तथा नगद ₹57,000 बरामद किए गए।
कुल मिलाकर अब तक बरामद मशरूका ₹21,12,520/- एवं जप्त वाहन ₹6,30,000/-, कुल ₹27,42,520/- की संपत्ति जब्त की गई है। प्रकरणों में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है, जबकि फरार आरोपी दीप उर्फ ध्रुवा मिस्त्री की पतासाजी जारी है। आरोपियों द्वारा चोरी से अर्जित संपत्ति पर कुर्की की कार्यवाही की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपीगण :-
1. भुनेष्वर बारिक पिता स्व. नैरा बारिक (42 वर्ष)
2. लिंगराज नेताम पिता बिगनेष्वर नेताम (22 वर्ष)
3. भुपेंद्र नेताम पिता बिगनेश्वर नेताम (20 वर्ष)
4. सूरज बारिक पिता भुवनेश्वर बारिक (21 वर्ष)
5. देवाशीष राउत पिता अख्या राउत (22 वर्ष) — सभी निवासी ग्राम बरिगुड़ा, थाना चांदाहाण्डी, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा)
6. प्रीत मिस्त्री पति दीप मिस्त्री (33 वर्ष) निवासी ग्राम परसदा, थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर (छत्तीसगढ)
फरार आरोपी :- दीप उर्फ ध्रुवा मिस्त्री पिता प्रफुल्लो मिस्त्री (37 वर्ष) निवासी परसदा, थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर (छ.ग.)
बरामद मशरूका :-
1. 96 मोबाइल – ₹12,10,400
2. सोने के 43.4 ग्राम आभूषण – ₹5,16,000
3. चांदी के आभूषण व मूर्तियां (2.109 किग्रा) – ₹3,29,120
4. नगद रकम – ₹57,000
कुल बरामद मशरूका – ₹21,12,520
जप्त वाहन :- • मारुति ब्रेज़ा (CG 11 AY 5068) – ₹6,00,000
• हीरो पैशन प्रो (CG 04 DP 5828) – ₹30,000
कुल जप्त वाहन मूल्य – ₹6,30,000
गरियाबंद पुलिस की इस कार्रवाई से अंतर्राज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस द्वारा शेष फरार आरोपी की तलाश जारी है और चोरी की संपत्ति की कुर्की की कार्यवाही आगे की जाएगी।



