
कोरबा में कोयला खदान का कहर: दीपका खदान में ब्लास्टिंग के दौरान उड़ा पत्थर, पैदल जा रहे ग्रामीण की दर्दनाक मौत…
- दीपका खदान में ब्लास्टिंग के दौरान बड़ा हादसा, छिटके पत्थर से ग्रामीण की मौत
कोरबा:- एसईसीएल की दीपका कोयला खदान में बुधवार दोपहर ब्लास्टिंग के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें सड़क किनारे पैदल जा रहे एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना हरदीबाजार क्षेत्र अंतर्गत सुआ–भोड़ी फेस की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खदान में कथित तौर पर अमानक और सुरक्षा नियमों की अनदेखी करते हुए ब्लास्टिंग कराई जा रही थी। इसी दौरान ब्लास्टिंग से एक बड़ा पत्थर छिटककर सड़क की ओर जा रहे लखन पटेल, निवासी ग्राम रेकी, के ऊपर गिर गया। पत्थर की चपेट में आने से लखन पटेल की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ब्लास्टिंग के समय सुरक्षा घेरा पर्याप्त नहीं था और न ही आसपास आवाजाही को रोका गया था। अचानक हुए धमाके के बाद पत्थर दूर तक जा गिरा, जिसकी चपेट में लखन पटेल आ गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद रेकी गांव सहित खदान क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय ग्रामीणों, कर्मचारियों और श्रमिक संगठनों ने दीपका खदान प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उत्पादन के दबाव में बार-बार सुरक्षा मानकों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दीपका खदान में “उत्पादन पहले, सुरक्षा बाद में” की नीति अपनाई जा रही है, जो आम लोगों और मजदूरों की जान के लिए खतरा बनती जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर संबंधित विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।



