Advertisment
Screenshot_20260201_080007
Screenshot_20260201_075917
Advertisment
Breaking NewsChhattisgarhJanjgir–ChampaState & Local News

ढोंगी बाबा का काला खेल बेनकाब, इलाज के नाम पर अनाचार, सोशल मीडिया से ब्लैकमेल, हिमाचल से गिरफ्तार, जांजगीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई…

 

  • ढोंगी बाबा का काला खेल बेनकाब
  • इलाज के नाम पर अनाचार, सोशल मीडिया से ब्लैकमेल
  • हिमाचल से गिरफ्तार, जांजगीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जांजगीर-चांपा:- चमत्कार और इलाज के नाम पर महिलाओं को झांसे में लेकर अनाचार करने वाले एक ढोंगी बाबा को पामगढ़ पुलिस ने हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी न केवल महिला के साथ दुष्कर्म करता रहा, बल्कि बाद में उसे सोशल मीडिया के जरिए ब्लैकमेल भी करता था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी स्वामी निर्मल जी उर्फ निर्मल बाबा (उम्र 60 वर्ष), मूल रूप से नाशिक, महाराष्ट्र का रहने वाला है। उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 64(2) (एम) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता ने 11 अप्रैल 2026 को थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान आरोपी क्षेत्र के एक गांव में पदयात्रा करते हुए पहुंचा था और खुद को चमत्कारी बाबा बताकर लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा करता था।

पीड़िता अपनी एक सहेली के साथ आरोपी से मिलने गई थी। इस दौरान आरोपी ने हाथ देखकर बीमारी ठीक करने का भरोसा दिया और उसका मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद 26 मार्च को उसे पामगढ़ बाजार बुलाया गया, जहां प्रसाद देने के बहाने उसे अपने साथ चलने के लिए तैयार किया गया।

आरोपी के झांसे में आकर पीड़िता उसके साथ पहले बिलासपुर और फिर ट्रेन से मध्य प्रदेश के मैहर पहुंची। वहां एक होटल में ठहरने के दौरान आरोपी ने इलाज के नाम पर कई बार जबरदस्ती अनाचार किया। इसके बाद 1 अप्रैल 2026 को आरोपी पीड़िता को बिलासपुर में छोड़कर फरार हो गया।

इतना ही नहीं, पीड़िता के घर लौटने के बाद आरोपी लगातार फोन कर उसे परेशान करने लगा। जब पीड़िता ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया, तो आरोपी ने उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील फोटो पोस्ट कर दिए और उसे वायरल कर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 21 अप्रैल 2026 को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना पामगढ़ प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, प्रधान आरक्षक रामलाल मार्कडेय, आरक्षक सूरज सिंह पाटले और नवनीत रात्रे का सराहनीय योगदान रहा।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसे ढोंगी और चमत्कार का दावा करने वाले लोगों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Lakheshwar Yadav

Office Add. - Link Road, Angel Sports Complex Janjgir, 495668 Mob.9755932150

Related Articles

Back to top button