
जांजगीर में ट्रैक्टर एजेंसी विवाद गरमाया, सेल्समैन से डीलर पर मारपीट, बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी का लगाया आरोप, पीड़ित ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार, जांच में जुटी पुलिस..
- जांजगीर में ट्रैक्टर एजेंसी विवाद गरमाया, सेल्समैन से डीलर पर मारपीट,
- बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी का लगाया आरोप, पीड़ित ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार, जांच में जुटी पुलिस..
जांजगीर में ट्रैक्टर एजेंसी के एक सेल्समैन ने एजेंसी डीलर पर मारपीट, जान से मारने की धमकी और रातभर बंधक बनाकर रखने का गंभीर आरोप लगाया है, मामले में पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ने बताया कि वह अमरैया पारा जांजगीर का निवासी है और शांति देवी ट्रैक्टर एजेंसी में सेल्समैन के पद पर कार्यरत है। उसके अनुसार 6 मई 2026 को ग्राम बोकरामुड़ा में एक किसान को ट्रैक्टर बिक्री कराई गई थी, जिसका फाइनेंस इंडसलैंड बैंक से होना था। फाइनेंस प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण 11 मई को वह ट्रैक्टर वापस एजेंसी ले आया।
पीड़ित के अनुसार उसी रात एजेंसी डीलर गजेंद्र राठौर ने फोन कर उसे गाली-गलौज करते हुए चर्च के पास बुलाया। बाद में रात करीब 9:30 बजे कलेक्ट्रेट चौक स्थित एजेंसी पहुंचने पर आरोपी ने उसके साथ विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि गजेंद्र राठौर ने गला पकड़कर हाथ-थप्पड़ से मारपीट की और पास में रखी ईंट से उसके आंख और सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसके बाद आरोपी उसे और उसके साथी विकास को कार में बैठाकर बिलासपुर ले गया तथा रास्ते में भी मारपीट करता रहा। उसके बाद में जिला पंचायत के डीपीआरसी भवन स्थित कमरे में दोनों को रातभर रखा गया और बाहर से ताला लगा दिया गया।
पीड़ित के मुताबिक सुबह उसने घर फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसकी बहन नीलम उपाध्याय और लीना उपाध्याय मौके पर पहुंचीं और कमरे का ताला तोड़कर उसे बाहर निकाला। मारपीट में पीड़ित के आंख, सिर और पीठ में चोटें आई हैं। फिलहाल मामले में पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है।




