
छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा कदम: प्रदेश के स्वास्थ्य केंद्रों में HLL के माध्यम से मिल रहीं 134 प्रकार के मुफ्त आधुनिक ब्लड टेस्ट सुविधाएं…
- छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा कदम: प्रदेश के स्वास्थ्य केंद्रों में HLL के माध्यम से मिल रहीं 134 प्रकार के मुफ्त आधुनिक ब्लड टेस्ट सुविधाएं…
छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। राज्य सरकार ने अग्रणी केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड (HLL Lifecare Limited) के साथ साझेदारी कर शासकीय अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में उन्नत नि:शुल्क ब्लड टेस्ट सुविधाएं शुरू की हैं।
इस योजना के अंतर्गत दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को अब उच्च स्तरीय पैथोलॉजी जांच के लिए निजी लैब के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। शासन की ‘मुफ्त डायग्नोस्टिक सेवा योजना’ के तहत एचएलएल (HLL) अत्याधुनिक ऑटोमेटेड मशीनों और अनुभवी तकनीशियनों के माध्यम से स्वास्थ्य केंद्रों से सैंपल एकत्र कर सटीक और समयबद्ध रिपोर्ट उपलब्ध करा रहा है।
योजना की प्रमुख विशेषताएं:
• सभी जांचें पूरी तरह नि:शुल्क: ब्लड काउंट (CBC), लिवर-किडनी फंक्शन टेस्ट, थायराइड, लिपिड प्रोफाइल, डायबिटीज सहित दर्जनों महत्वपूर्ण पैथोलॉजी जांचें शासकीय केंद्रों पर बिना किसी शुल्क के की जा रही हैं।
• समय पर डिजिटल रिपोर्ट: मरीजों को जांच रिपोर्ट डिजिटल माध्यम (SMS/पोर्टल) तथा संबंधित अस्पताल से न्यूनतम संभव समय में उपलब्ध कराई जा रही है।
• गुणवत्ता और आधुनिक तकनीक: एचएलएल द्वारा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप लैब्स और आधुनिक जांच उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है।
• अंतिम व्यक्ति तक पहुंच: स्वास्थ्य विभाग और एचएलएल की यह संयुक्त व्यवस्था दूरस्थ क्षेत्रों में रह रहे ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हो रही है।
राज्य शासन के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री की प्राथमिकताओं के अनुरूप “सबको सहज और सुलभ स्वास्थ्य” देने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है। इस सेवा से आम जनता का निजी लैब्स पर होने वाला भारी जेब खर्च बचेगा और सही समय पर सही जांच से सटीक इलाज संभव हो सकेगा।
मै अजीत गढ़वाल पार्षद नगर पालिका परिषद जांजगीर नैला आम नागरिकों से अपील करता हु कि वे किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर इस नि:शुल्क जांच सुविधा का लाभ उठाएं।



