
छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में बड़ा बदलाव संभावित: सुनील शर्मा बन सकते हैं महासमुंद के नए SP, वर्तमान एसपी अशुतोष सिंह जा सकते हैं CBI प्रतिनियुक्ति पर…
- छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में बड़ा बदलाव संभावित: सुनील शर्मा बन सकते हैं महासमुंद के नए SP, वर्तमान एसपी अशुतोष सिंह जा सकते हैं CBI प्रतिनियुक्ति पर..
छत्तीसगढ़ में पुलिस महकमे में एक और बड़ा प्रशासनिक फेरबदल तय माना जा रहा है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी सुनील शर्मा का नाम महासमुंद जिले के नए पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में सबसे प्रबल दावेदार के रूप में उभर कर सामने आया है।
सूत्रों का कहना है कि वर्तमान एसपी अशुतोष सिंह (आईपीएस, 2012 बैच) को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) में पांच वर्ष की प्रतिनियुक्ति पर भेजने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय (PHQ) के बीच इस संबंध में फाइल मूवमेंट तेज हो गई है, और अगर सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार रहा, तो सुनील शर्मा की नियुक्ति का आदेश जल्द ही जारी हो सकता है।
इसी बीच, सूत्रों से यह भी जानकारी मिली है कि राज्य कैडर के एक युवा आईपीएस अधिकारी को जल्द ही राज्यपाल रमण डेका के एडीसी (Aide-de-Camp) के रूप में पदस्थ करने की तैयारी चल रही है। यह नियुक्ति भी उच्च स्तर पर विचाराधीन है और इसके आदेश भी जल्द जारी हो सकते हैं।
जानकारों का कहना है कि ये सभी महत्वपूर्ण तबादले और नियुक्तियां 28 से 30 नवंबर के बीच नव रायपुर में आयोजित होने वाले 60वें अखिल भारतीय डीजीपी-आईजीपी सम्मेलन से पहले जारी किए जा सकते हैं। इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल की उपस्थिति संभावित है।
गृह विभाग के सूत्रों ने संकेत दिए हैं कि आदेश किसी भी समय जारी हो सकते हैं। हालांकि, अंतिम मंजूरी के पहले टाइमिंग या नामों में मामूली फेरबदल की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
अगर बदलाव तय रूप से होता है, तो यह महासमुंद जिले की पुलिस कमान में एक महत्वपूर्ण नेतृत्व परिवर्तन साबित होगा, जो जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन में नई दिशा तय कर सकता है।



