
Breaking NewsBilaspurChhattisgarhJanjgir–ChampaNational NewsRaipurState & Local News
वेदांता पावर प्लांट में भीषण हादसा: बॉयलर विस्फोट से 30-40 मजदूर गंभीर रूप से घायल, 3 की मौत की आशंका, दोपहर 2 बजे हुआ धमाका, प्लांट परिसर में मची अफरा-तफरी राहत-बचाव जारी…
- वेदांता पावर प्लांट में भीषण हादसा: बॉयलर विस्फोट से कई मजदूर घायल, 30-40 मजदूर गंभीर रूप से घायल, 3 की मौत की आशंका,
- दोपहर 2 बजे हुआ धमाका, प्लांट परिसर में मची अफरा-तफरी
- राहत-बचाव जारी, प्रशासन ने अभी मौतों की नहीं की आधिकारिक पुष्टि
सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित Vedanta Limited के पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। प्लांट के भीतर बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि हादसा दोपहर करीब 2 बजे उस समय हुआ, जब प्लांट में नियमित कामकाज चल रहा था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस विस्फोट में 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं, कुछ लोगों की मौत की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हादसे के बाद कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है, जहां उनका इलाज जारी है। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया है। फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम भी राहत कार्य में जुटी हुई हैं। डभरा थाना पुलिस के अनुसार घटना की जांच शुरू कर दी गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है, वहीं प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जल्द ही विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।



