
जांजगीर-चांपा: पुलिस सैलरी पैकेज का मानवीय पहलू, सड़क दुर्घटना में शहीद आरक्षक की पत्नी को मिला 1 करोड़ रुपये का बीमा चेक, परिवार को मिला आर्थिक संबल..
- जांजगीर-चांपा: पुलिस सैलरी पैकेज का मानवीय पहलू
- शहीद आरक्षक की पत्नी को मिला 1 करोड़ रुपये का बीमा चेक, परिवार को मिला आर्थिक संबल..
जांजगीर-चांपा न्यूज़- जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत थाना चांपा में पदस्थ स्वर्गीय आरक्षक प्रहलाद दिनकर की पत्नी को 1 करोड़ रुपये की बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि आरक्षक प्रहलाद दिनकर का दिनांक 16.09.2025 को रात्रि ड्यूटी समाप्ति के बाद अपने घर लौटते समय लच्छनपुर चौक, मेन रोड पर सड़क दुर्घटना में मौके पर ही निधन हो गया था। इस दुखद घटना के बाद पुलिस विभाग द्वारा उनके परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया लगातार जारी रही।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के सतत प्रयासों के फलस्वरूप आज दिनांक 02.02.2026 को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, जांजगीर की शाखा नैला के बैंक प्रबंधक रवि शर्मा एवं उनके वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत 1 करोड़ रुपये का बीमा चेक स्वर्गीय आरक्षक की पत्नी को सौंपा गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, मुख्य लिपिक दिनेश शर्मा सहित बैंक के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। यह पहल पुलिस परिवार के प्रति विभाग की जिम्मेदारी और संवेदनशील सोच को दर्शाती है।



