
फरीदाबाद में AC फटा, तीन की मौत:बेटा खिड़की से कूदा हुआ घायल, आग का धुआं घर में घुसने से दम घुटा…
हरियाणा के फरीदाबाद में 4 मंजिला घर में AC का कंप्रेसर फट गया। फरीदाबाद के ग्रीन फिल्ड स्थित 787 नंबर एक बहुमंजिला इमारत में आज सोमवार को सुबह करीब 4 बजे एक दुखद हादसा हो गया, मकान की पहली मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगे एसी में आग लगने से दूसरी मंजिल के एक फ्लैट में धुआं भर गया। इससे दूसरी मंजिल के फ्लैट में रहने वाले दंपती समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों में पति-पत्नी और उनकी बेटी शामिल है। बेटे ने दूसरी मंजिल से नीचे कूदकर अपनी जान बचाई। हालांकि, ऊंचाई से कूदने के चलते उसके पैर में चोट लगी है। मृतकों की पहचान सचिन कपूर, उनकी पत्नी रिंकू और बेटी सुजान के रूप मे हुई है। बेटा आर्यन घायल है। सूरजकुंड थाना की पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घायल लड़के को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। आग लगने की सूचना चौथी मंजिल पर रह रहे परिवार ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी थी। फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं थी।
सचिन कपूर शेयर मार्केट का काम करते थे…
बताया जा रहा है कि मरने वाले परिवार के मुखिया सचिन कपूर शेयर मार्केट का काम करते थे। उन्होंने अपने घर पर ही ऑफिस बनाया हुआ था। उनका बेटा भी पिता के साथ काम काम में हाथ बंटाता था। वहीं 14 वर्षीय बेटी सुजान अभी पढ़ाई कर रही थी, जबकि पत्नी हाउस वाइफ थी।



