टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत की ऐतिहासिक जीत, न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार बना चैंपियन…

- भारत बना टी-20 वर्ल्ड कप चैंपियन, न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार जीता खिताब..
भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। खास बात यह रही कि टीम इंडिया लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम भी बन गई। इसके साथ ही पहली बार किसी मेजबान टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया।
रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया और टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में रिकॉर्ड 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
भारत की ओर से संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 89 रन की पारी खेली, जो टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी बन गया। ईशान किशन ने 54 रन और अभिषेक शर्मा ने 52 रन की अहम पारी खेली। वहीं अंत में शिवम दुबे ने मात्र 8 गेंदों में 26 रन बनाकर टीम के स्कोर को और मजबूत किया। न्यूजीलैंड की ओर से जिमी नीशम ने 3 विकेट लिए।
256 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ग्लेन साइफर्ट ने 52 रन और कप्तान मिशेल सैंटनर ने 43 रन बनाए, लेकिन इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सका। पूरी न्यूजीलैंड टीम 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत ने फाइनल मुकाबला बड़े अंतर से जीत लिया और न्यूजीलैंड को टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार झेलनी पड़ी।
- मैच में बने बड़े रिकॉर्ड:
- भारत ने सिर्फ 7.2 ओवर में 100 रन पूरे किए, जो टी-20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में सबसे तेज 100 रन का रिकॉर्ड है।
- भारतीय टीम ने पावरप्ले में 92 रन बनाकर वर्ल्ड कप के सबसे बड़े पावरप्ले स्कोर की बराबरी की।
- संजू सैमसन टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने वेस्टइंडीज के मार्लोन सैमुअल के 85 रन का रिकॉर्ड तोड़ दिया।



