
दांतेवाड़ा की प्रसिद्ध मां दंतेश्वरी मंदिर में आधी रात बड़ी चोरी, सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हुए चोर, पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी…
- दंतेश्वरी मंदिर में आधी रात बड़ी चोरी,
- सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हुए चोर,
- पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी..
बस्तर के प्रसिद्ध और आस्था के प्रमुख केंद्र माँ दंतेश्वरी मंदिर में देर रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। अज्ञात चोर मंदिर के पीछे स्थित दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और माँ दंतेश्वरी के सोने-चांदी के कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर को पूरी तरह सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी गई। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, वहीं चोरों की आवाजाही का सुराग जुटाने के लिए शहर के अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची है, जो टूटे ताले, दरवाजे और अन्य साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि चोरों ने मंदिर की दान पेटी को तोड़ने की कोशिश की थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर एंगल से जांच जारी है और जल्द ही चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद मंदिर प्रशासन और श्रद्धालुओं में चिंता और आक्रोश का माहौल है।



