Advertisment
Screenshot_20260201_080007
Advertisment
Breaking NewsChhattisgarhJanjgir–ChampaState & Local NewsSuccess Stories

विगत 22 वर्षों से सेवा और समर्पण का दीप जलाती “विप्लव” संस्था — इस बार मोहतरा गांव में जरूरतमंद बच्चों संग मनाएगी दीपावली…

  • विगत बाईस वर्षों से विप्लव सेवाभावी संस्था जरूरतमंद बच्चों के बीच दीपावली का उजास बाँटती आई है.
  • इस वर्ष हसदेव नदी किनारे स्थित ग्राम मोहतरा (आश्रित ग्राम देवरी पंचायत, विकासखंड नवागढ़) में होगा आयोजन

जांजगीर :- विगत 22 वर्षों से “विप्लव” सेवाभावी संस्था हर दीपावली पर जरूरतमंद बच्चों के बीच पहुँचकर पटाखे, मिठाई, दीये, अध्ययन और खेल सामग्री बाँटकर खुशियाँ साझा करती आ रही है। इस वर्ष यह आयोजन हसदेव नदी किनारे स्थित ग्राम मोहतरा (आश्रित ग्राम देवरी पंचायत, विकासखंड नवागढ़) में रविवार 19 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे सामुदायिक भवन में किया जाएगा, जहाँ संस्था के सदस्य बच्चों के साथ दीपावली का उत्सव मनाएँगे।

सन 2003 की दीपावली पर शिक्षक दीपक कुमार यादव की संवेदनशील सोच से शुरू हुए इस सामाजिक अभियान को उस समय छात्र रहे डॉ. अश्वनी राठौर और विकास मिश्रा ने मिलकर आकार दिया। अपनी जेब खर्च से शुरू की गई यह पहल आज जिले में समाजसेवा की एक प्रेरणादायी मिसाल बन चुकी है, जिसने सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों के जीवन में उजियारा भरा है।

हर वर्ष एक नया गाँव चुनकर वहाँ के बच्चों तक पहुँचने वाली यह परंपरा अब तक सिवनी, पाली, कन्हाईबन्द, खोखरा, खोखसा, खैरा, हरदी महामाया, पोंच, पेन्डरी, किरीत, महंत, हरदी हरि, जगमहन्त, करमंदी, डोंगरी, पीथमपुर जैसे ग्रामों में सम्पन्न हो चुकी है।

संस्था से समाज के हर वर्ग के लोग जुड़े हुए हैं — डॉक्टर, चार्टर्ड एकाउंटेंट, उद्योगपति, युवा, छात्र, व्यवसायी, इंजीनियर, नौकरीपेशा वर्ग और शिक्षक — जो तन, मन और धन से इस सेवाभावी अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। 10 से 50 वर्ष आयु वर्ग के सदस्य आपसी सहयोग और समर्पण से संस्था की सभी गतिविधियाँ संचालित करते हैं।

विप्लव संस्था दीपावली के अलावा वर्षभर विभिन्न सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहती है — जिले की प्रथम रक्तदाता डायरेक्ट्री “जीवन सुधा” का प्रकाशन व वितरण, स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, वृद्धाश्रम में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, बी.डी. महंत गार्डन में “नेकी का कोना” का सात वर्षों से संचालन, वसुंधरा गार्डन में वाटर कूलर की व्यवस्था, शासकीय विद्यालयों में भोजन पात्र, पंखा, वाटर फिल्टर व चरण पादुका का वितरण, अंधमूक बधिर विद्यालयों और वृद्धाश्रमों में वस्त्र व अध्ययन सामग्री प्रदान करना, पौधारोपण द्वारा पर्यावरण संरक्षण, ध्वज संहिता जागरूकता अभियान, कोविड काल में भोजन, मास्क, सेनेटाइजर, PPE किट वितरण, टीकाकरण में सहयोग तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों को आर्थिक मदद जैसी अनेक सेवाभावी पहलें संस्था द्वारा की जाती रही हैं।

लगातार 22 वर्षों से सेवा और समर्पण का दीप जलाते हुए “विप्लव” संस्था यह संदेश दे रही है कि — “सच्ची दीपावली वही है, जो किसी और के जीवन में उजाला भर दे।” ✨

Lakheshwar Yadav

Office Add. - Link Road, Angel Sports Complex Janjgir, 495668 Mob.9755932150

Related Articles

Back to top button