
जांजगीर में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ, पहले ही दिन अव्यवस्था के आरोप, पिकअप वाहन में ले जाए गए खिलाड़ी, खाने-पीने और मैदान की व्यवस्था को लेकर खिलाड़ियों ने उठाए सवाल…
- जांजगीर में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ, पहले ही दिन अव्यवस्था के आरोप, पिकअप वाहन में ले जाए गए खिलाड़ी, खाने-पीने और मैदान की व्यवस्था को लेकर खिलाड़ियों ने उठाए सवाल…
जांजगीर-चांपा में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का आज शुभारंभ हुआ, जांजगीर के शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के पांच संभागों से खिलाड़ी पहुंचे हैं, हालांकि, प्रतियोगिता के पहले ही दिन आयोजन व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए।
प्रतियोगिता का शुभारंभ सांसद कमलेश जांगड़े ने किया, यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 22 से 25 अगस्त तक आयोजित की जा रही है, प्रतियोगिता में मल्लखंब के बालक एवं बालिका वर्ग के 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग तथा हैंडबॉल के 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
लेकिन आयोजन के पहले दिन ही खिलाड़ियों की आवाजाही को लेकर अव्यवस्था सामने आई, आरोप है कि मल्लखंब के खिलाड़ियों को बच्चों के लिए निर्धारित यात्री वाहन के बजाय मालवाहक पिकअप वाहन में बैठाकर ले जाया जा रहा था, इसका वीडियो सामने आने के बाद बच्चों को वाहन से नीचे उतार दिया गया, खिलाड़ियों को लाने-ले जाने के लिए पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था नहीं होने के आरोप भी सामने आए हैं। वहीं, जांजगीर के हाई स्कूल मैदान में पानी भरे होने से भी खिलाड़ियों और आयोजन व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

इस प्रतियोगिता में पहुंचे बस्तर संभाग के खिलाड़ियों ने मीडिया से चर्चा करते हुए खाने-पीने की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए, खिलाड़ियों का कहना है कि उन्हें उचित और पर्याप्त आहार नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के पांच संभागों से खिलाड़ी पहुंचे हैं, लेकिन पहले ही दिन सामने आई इन अव्यवस्थाओं ने आयोजन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी खिलाड़ियों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर क्या कदम उठाते हैं।



