
रायगढ़: ठुसेकेला गांव में पूरे परिवार की हत्या, 48 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा…
रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ठुसेकेला गांव में हुए दिल दहला देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने मात्र 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में पड़ोसी लकेश्वर पटैल और एक नाबालिग को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। हत्या की वजह चरित्र शंका और आपसी रंजिश बताई गई है।
दरअसल 11 सितंबर को ग्राम ठुसेकेला राजीव नगर में ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी कि बुधराम उरांव के घर से खून के धब्बे दिखाई दे रहे हैं और घर अंदर से बंद है। सूचना मिलते ही एसपी दिव्यांग कुमार पटेल खरसिया थाना और जिले की पुलिस की टीम मौके पर पहुंचीं। एफएसएल, फिंगरप्रिंट, डॉग स्क्वाड और बीडीएस की भी सहायता ली गई।जांच के दौरान बुधराम उरांव (42), उसकी पत्नी सहोद्रा (37), पुत्र अरविंद (12) और पुत्री शिवांगी (5) के शव उनके घर के बाड़ी में बने खाद गड्ढे से बरामद हुए। सभी की धारदार हथियार से हत्या की गई थी। बिलासपुर रेंज आईजी डॉ. संजीव शुक्ला और एसपी दिव्यांग पटेल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग विशेष टीमें बनाई और खरसिया में कैंप कर जांच की मॉनिटरिंग की। इसी दौरान पुलिस को पड़ोसी लकेश्वर पटैल पर शक हुआ। साक्ष्य मिलने पर जब उससे पूछताछ की गई तो उसने जुर्म कबूल कर लिया।
लोकेश्वर राजमिस्त्री का काम करता है और मृतक बुधराम भी यही काम करता था। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी ने कई बार बुधराम की बाड़ी जमीन खरीदने का प्रयास किया लेकिन इंकार कर दिया गया। इसके अलावा वह बुधराम के चरित्र पर शंका करता था कि उसकी पत्नी का कहीं उसके साथ अवैध संबंध तो नहीं है साथ ही उसके बेटे को धन चोरी करने का शिकायत भी पुलिस थाने में किया था। इन सभी कारणों से उसने हत्या की योजना बनाई।9 सितंबर की रात आरोपी लकेश्वर ने नाबालिग साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। उसने बुधराम को शराब के नशे में देखा और उसी रात उसके घर में घुसकर धारदार हथियार से बुधराम, उसकी पत्नी और दोनों बच्चों की निर्मम हत्या कर दी। शवों को घर के अंदर दफनाने की कोशिश की गई लेकिन जमीन सख्त होने के कारण असफल रहे। इसके बाद शवों को घसीटकर बाड़ी में खाद के गड्ढे में दबा दिया गया। पुलिस ने आरोपियों से घटनास्थल पर री-क्रिएशन कराया और उनके मेमोरेंडम पर हत्या में प्रयुक्त टंगिया, रॉड, गैंती, फावड़ा और कपड़े बरामद किए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।



