Advertisment
Screenshot_20260201_080007
Advertisment
ChhattisgarhJanjgir–ChampaPoliticsState & Local News

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला एवं चांपा में किया 19 करोड़ 53 लाख से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण….

जांजगीर-चांपा :- उप मुख्यमंत्री  अरुण साव ने आज नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला एवं नगर पालिका परिषद चांपा में 19 करोड़ 53 लाख से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री श्री साव ने नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला भवन के लिए 2.5 करोड़, विकास कार्याें के लिए 2.5 करोड़ रूपए एवं नगर पालिका परिषद चांपा में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं विकास कार्याें के लिए 3 करोड़ रुपए की घोषणा की।

     उप मुख्यमंत्री साव ने जिला मुख्यालय जांजगीर में 4 करोड़ 37 लाख रूपए की लागत से जांजगीर के वार्ड क्रमांक 21 में नालंदा परिसर (सेंट्रल लायब्रेरी-सह-रीडिंग जोन), 10.84 करोड़ की लागत से एसटीपी का निर्माण कार्य एवं 1.97 करोड की लागत से वार्ड क्रमांक 1 एवं 2 में पाईपलाईन विस्तार एवं सम्पवेल निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही उप मुख्यमंत्री ने 30 लाख रुपए की लागत से अटल परिसर, 20 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित चौपाटी का लोकार्पण किया।

     साथ ही नगर पालिका परिषद चांपा में कुल 1 करोड़ 8 लाख 54 हजार रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने नगर पालिका चांपा के घोघरानाला में 48.56 लाख रुपए की लागत से पानी टंकी निर्माण, 29.98 लाख रुपए की लागत से नगरपालिका परिषद के कर्मचारी आवास का शिलान्यास एवं 30 लाख रुपए की लागत से नगर पालिका चंपा में नवनिर्मित अटल परिसर का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

        इस अवसर पर जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, विधायक श्री ब्यास कश्यप, छत्तीसगढ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री सौरभ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव श्री अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक श्री चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढेवाल, नगर पालिका परिषद चांपा का अध्यक्ष श्री प्रदीप नामदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री गगन जयपुरिया, नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला उपाध्यक्ष श्री मोहन यादव, नगर पालिका परिषद चांपा उपाध्यक्ष श्री अमरजीत खटकर, श्री राजकुमार साहू, श्री कार्तिकेश्वर स्वर्णकार, श्री गुलाब सिंह चंदेल, श्री अमर सुलतानिया, श्री प्रशांत ठाकुर, इजी. रवि पांडेय, श्री हितेश यादव सहित पार्षदगण, विभिन्न जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिकगण उपस्थित थे।

      उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में निरंतर विकास कार्यों को मंजूरी दी जा रही है तथा जनसुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नालंदा परिसर विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं के भविष्य को संवारने का सशक्त माध्यम बनेगा। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी छत्तीसगढ़ राज्य निर्माता हैं। अलग राज्य बनने के पश्चात छत्तीसगढ़ तीव्र गति से विकास की ओर अग्रसर है। उनके सम्मान में प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में अटल परिसर विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अटल परिसर, पूर्व प्रधानमंत्री श्री वाजपेयी की राष्ट्रसेवा, विकास दृष्टि और आदर्श मूल्यों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रभावशाली माध्यम बनेगा।

      उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्री बनने से पहले गांवों तक पहुँचना कठिन हुआ करता था, लेकिन प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने गांवों की तकदीर और तस्वीर बदल दी। उन्होंने आगे कहा कि हमारी सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की हर एक गारंटी को पूरा करने का काम तेजी से हो रहा है। किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल की खरीदी सुनिश्चित की गई है। वहीं महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रदेश की माताओं और बहनों को 1000-1000 रुपए प्रतिमाह उनके खातों में सीधे पहुंच रहा हैं। उन्होंने कहा कि यह छत्तीसगढ़ का रजत जयंती वर्ष है। 25 वर्ष पूर्व बने इस राज्य ने विकास की एक नई गाथा लिखी है और आने वाले समय में “हमने बनाया है, हम संवारेंगे” इस ध्येय वाक्य के साथ इसे और संवारने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

      सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज हम सभी भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा तथा अटल परिसर के लोकार्पण के साथ-साथ जिले में विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण जैसे पावन अवसर के साक्षी बने हैं। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी न केवल हमारे प्रदेश के निर्माता रहे, बल्कि उन्होंने छत्तीसगढ़ के विकास की मजबूत नींव रखी थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आज छत्तीसगढ़ तेजी से प्रगति कर रहा है। “सबका साथ, सबका विकास” की भावना के साथ योजनाओं का लाभ प्रदेश के अंतिम छोर तक पहुँचाया जा रहा है।

     विधायक जांजगीर-चांपा श्री ब्यास कश्यप ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी नमन करते हुए कहा कि स्वर्गीय श्री अटल जी का सम्मान सभी देशवासियों करते है। उनके अमूल्य कार्यों और दूरदर्शी नीतियों से प्रेरणा लेकर आज भी भारत का प्रत्येक नागरिक उन्हें नमन करता है और पूज्य भाव से याद करता है। विधायक ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

     पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल ने कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व.श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर विकास की एक नई गाथा लिखी। आज हमारा प्रदेश उनकी रखी हुई नींव पर विकासशील से विकसित बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन में छत्तीसगढ़ राज्य का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने नालंदा परिसर सहित विभिन्न कार्याें के लिए जिलेवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

Lakheshwar Yadav

Office Add. - Link Road, Angel Sports Complex Janjgir, 495668 Mob.9755932150

Related Articles

Back to top button