
विधायक बालेश्वर साहू से मिलने खोखरा जेल पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कहा- राजनीतिक द्वेष में की गई कार्रवाई, सत्य की होगी जीत…
- विधायक बालेश्वर साहू से मिलने खोखरा जेल पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कहा- राजनीतिक द्वेष में की गई कार्रवाई, सत्य की होगी जीत…
जांजगीर-चांपा:- किसानों से धोखाधड़ी के मामले में जिला जेल खोखरा में बंद जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू से आज 13 जनवरी को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुलाकात की है, जेल में हुई इस मुलाकात के दौरान भूपेश बघेल ने विधायक बालेश्वर साहू से पूरे प्रकरण और अब तक की गई कार्रवाई को लेकर विस्तृत चर्चा की।

मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस पूरी कार्रवाई को गलत बताते हुए भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए, उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार विरोधी दल के नेताओं को परेशान करने की नीयत से ऐसी कार्रवाई कर रही है, यह पूरा मामला राजनीतिक द्वेष से प्रेरित है। भूपेश बघेल ने कहा कि जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू की गिरफ्तारी लोकतंत्र के खिलाफ है, उन्होंने भरोसा जताया कि जब सच्चाई सामने आएगी, तो सत्य की जीत होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और कार्यकर्ता विधायक बालेश्वर साहू के साथ मजबूती से खड़े हैं।

गौरतलब है कि धोखाधड़ी के मामले में विधायक बालेश्वर साहू को न्यायालय ने 22 जनवरी तक न्यायिक रिमांड पर भेजा है, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्पष्ट किया कि इस मामले में भाजपा राजनीति कर रही है, लेकिन उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा है और अंततः सच सामने आएगा।



