
जनसंघर्ष की जीत: सड़क को मिली मंजूरी, श्रेय की राजनीति पर भड़के विधायक ब्यास कश्यप, अवैध अफीम खेती पर भी उठाए गंभीर सवाल..
- जनसंघर्ष की जीत: सड़क को मिली मंजूरी, श्रेय की राजनीति पर भड़के विधायक ब्यास कश्यप, अवैध अफीम खेती पर भी उठाए गंभीर सवाल
जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप ने अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता आयोजित कर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं, सड़क निर्माण की स्वीकृति और प्रदेश में बढ़ती अवैध खेती जैसे गंभीर मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।
जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप ने प्रेसवार्ता में कहा कि उन्होंने हमेशा जनता की आवाज़ को प्राथमिकता दी है और सड़कों पर उतरकर संघर्ष किया है, इस संघर्ष का परिणाम ही है कि लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण कार्य को अब स्वीकृति मिल गई है, उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी आंदोलनकारियों और क्षेत्र की जनता को सलाम और प्रणाम किया, जिनके अथक प्रयासों से सरकार को निर्णय लेने पर मजबूर होना पड़ा।
विधायक कश्यप ने श्रेय लेने की राजनीति पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आजकल कुछ लोग बिना योगदान के ही क्रेडिट लेने में लगे हैं। उन्होंने खुली चुनौती देते हुए कहा कि कोई भी यह साबित कर दे कि उन्होंने इस कार्य के लिए कोई ठोस प्रयास किया हो, जैसे कि विभाग को पत्र लिखना या लगातार फॉलोअप करना, उन्होंने कहा कि वे इस मुद्दे को बजट सत्र में उठाने वाले हैं और एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि के रूप में उन्होंने हर स्तर पर प्रयास किया है, उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी भूमिका केवल बयान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे “पोस्टमैन” की तरह विभाग-दर-विभाग जाकर काम को आगे बढ़ाने में जुटे रहे हैं।

विधायक ने इस दौरान संबंधित विभाग और मंत्री का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह विभाग माननीय अरुण साव के पास है और उन्होंने इस कार्य की शुरुआत की, इसके लिए वे धन्यवाद के पात्र हैं, साथ ही सरकार द्वारा बजट उपलब्ध कराने पर भी उन्होंने आभार व्यक्त किया, क्योंकि उसी के आधार पर यह सड़क निर्माण संभव हो पाएगा, विधायक ने कहा कि जर्वे -पिथमपुर-पिसौद क्षेत्र की जनता इस फैसले का सम्मान करती है और सरकार के प्रति आभार व्यक्त करती है,हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वास्तविक श्रेय उसी को मिलना चाहिए जिसने जमीन पर काम किया है।
विधानसभा सत्र को लेकर विधायक कश्यप ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि का कर्तव्य होता है कि वह जनता की आवाज़ को सदन तक पहुंचाए। उन्होंने बताया कि उन्होंने कई महत्वपूर्ण मुद्दे विधानसभा में उठाए हैं। कुछ मामलों में सफलता मिली है, जबकि कुछ अभी लंबित हैं, लेकिन उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
विधायक ब्यास ने यह भी कहा कि बजट में जिन कार्यों की घोषणा की गई है, उन्हें धरातल पर उतारने के लिए वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। और सरकार को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जो वादे किए गए हैं, उन्हें हर हाल में पूरा करवाया जाएगा।
अवैध अफीम खेती पर हो सख्त कार्रवाई…
प्रेसवार्ता के दौरान विधायक ने छत्तीसगढ़ में बढ़ रही अवैध अफीम और गांजा की खेती पर भी गंभीर चिंता जताई, उन्होंने कहा कि राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों में इस तरह की गतिविधियां बढ़ रही हैं और इसमें कुछ राजनीतिक संरक्षण भी सामने आया है। कहा कि यह बेहद गंभीर विषय है और पहले भी वे इस मुद्दे को उठा चुके हैं, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि पहले तीन मामलों के सामने आने के बाद उन्होंने चौथे और पांचवें मामले की भी आशंका जताई थी, जो अब सही साबित हो रही है। विधायक कश्यप ने कहा कि इस तरह की अवैध खेती पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और इसमें शामिल लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाना चाहिए, ताकि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनी रहे।



