
फर्जी e-Challan से सावधान! एक क्लिक में खाली हो सकता है आपका बैंक खाता, जांजगीर-चांपा पुलिस की चेतावनी- सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट और ऐप से ही करें भुगतान…
- फर्जी e-Challan से रहें सावधान: जांजगीर-चांपा पुलिस की एडवाइजरी जारी
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों को फर्जी e-Challan मैसेज और नकली वेबसाइट/एप्लीकेशन के जरिए हो रही साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील की है। साइबर अपराधी SMS, व्हाट्सएप या कॉल के माध्यम से फर्जी लिंक भेजकर लोगों को भुगतान के लिए गुमराह कर रहे हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन के लंबित e-Challan का भुगतान हमेशा केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म जैसे (https://echallan.parivahan.gov.in/) या NextGen mParivahan ऐप के माध्यम से ही करें। अनजान नंबरों से आए किसी भी लिंक पर क्लिक करने से बचें और भुगतान से पहले चालान को आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर जरूर वेरिफाई करें।
- सुरक्षित रहने के लिए जरूरी सावधानियां:
- अनजान नंबर से आए SMS या व्हाट्सएप लिंक पर क्लिक न करें।
- केवल अधिकृत सेंडर आईडी (BV-VAAHAN-G, BT-VAAHAN-G, BH-VAAHAN-G, BM-VAAHAN-G, BZ-VAAHAN-G) से आए मैसेज पर ही भरोसा करें।
- वेबसाइट या ऐप का उपयोग करते समय उसकी स्पेलिंग ध्यान से जांचें।
- किसी के साथ अपना OTP साझा न करें, चाहे वह खुद को अधिकारी ही क्यों न बताए।
- संदिग्ध कॉल या मैसेज मिलने पर तुरंत भुगतान करने से बचें।
पुलिस ने यह भी बताया कि अधिकृत वेबसाइट या ऐप से भुगतान करने पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगता, जबकि थर्ड-पार्टी प्लेटफॉर्म से भुगतान करने पर अतिरिक्त चार्ज देना पड़ सकता है।
- अगर हो जाए धोखाधड़ी तो क्या करें:
- तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या Indian Cyber Crime Coordination Centre की वेबसाइट https://cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
- अपने बैंक को तुरंत सूचित करें ताकि ट्रांजैक्शन रोका जा सके।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे NextGen mParivahan ऐप इंस्टॉल करें और उसी के माध्यम से e-Challan की जांच व भुगतान करें। यह न केवल सुरक्षित है, बल्कि इसमें वाहन से संबंधित सभी दस्तावेज भी डिजिटल रूप में सुरक्षित रखे जा सकते हैं।



