
आरक्षक ने सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली, की आत्महत्या, पुलिस विभाग में मचा हड़कंप रक्षित केंद्र में पदस्थ जवान की मौत से शोक का माहौल, पारिवारिक कारणों की आशंका, कोतवाली पुलिस जांच में जुटी…
- रक्षित केंद्र के आरक्षक ने सर्विस राइफल से की आत्महत्या, बीजापुर में सनसनी,पारिवारिक कारणों की आशंका, कोतवाली पुलिस जांच में जुटी
बीजापुर मे सोमवार रात करीब 9 बजे जिला मुख्यालय में उस वक्त सनसनी फैल गई जब रक्षित केंद्र में पदस्थ आरक्षक दिलीप तेलम ने थाना बीजापुर के समीप अपने इश्यूशुदा सर्विस राइफल से गोली चलाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरक्षक दिलीप तेलम ने अचानक यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना स्थल पर मौजूद पुलिस टीम ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्यवाही शुरू की। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, हालांकि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कारणों से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। कोतवाली थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस दुखद घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। साथी जवानों ने आरक्षक के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे।




