
खाद-बीज और डीजल संकट को लेकर किसान कांग्रेस का हल्ला बोल, जांजगीर में धरना-प्रदर्शन, कलेक्टर कार्यालय घेराव की चेतावनी; एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर लिया ज्ञापन…
- खाद-बीज और डीजल संकट को लेकर किसान कांग्रेस का हल्ला बोल, जांजगीर में धरना-प्रदर्शन, कलेक्टर कार्यालय घेराव की चेतावनी; एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर लिया ज्ञापन…
जांजगीर-चांपा में छत्तीसगढ़ किसान कांग्रेस के आह्वान पर किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। जिला मुख्यालय के कचहरी चौक में आयोजित इस प्रदर्शन में किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि खरीफ सीजन की शुरुआत में किसानों को खाद, बीज और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता नहीं हो रही है, जिससे कालाबाजारी को बढ़ावा मिल रहा है और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
किसान कांग्रेस ने चेतावनी दी थी कि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने कलेक्टर कार्यालय परिसर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग की थी। हालांकि स्थिति को देखते हुए एसडीएम सुब्रत प्रधान स्वयं धरना स्थल पहुंचे और किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों से ज्ञापन प्राप्त किया।
प्रदर्शन के दौरान किसान नेताओं ने कहा कि सरकार किसानों को पर्याप्त खाद, बीज और डीजल उपलब्ध कराने में विफल रही है। खरीफ फसल की तैयारी के समय किसानों को खाद के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है, जबकि कई स्थानों पर खाद की कालाबाजारी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
किसान कांग्रेस ने सरकार के समक्ष नौ सूत्रीय मांगें रखीं। संगठन की प्रमुख मांगों में प्रति एकड़ धान की कटौती संबंधी आदेश को तत्काल वापस लेना, छोटे-बड़े सभी किसानों को एकमुश्त खाद उपलब्ध कराना, आवश्यकता के अनुरूप खाद एवं बीज वितरण सुनिश्चित करना, डीजल और पेट्रोल की सहज उपलब्धता तथा जेरीकेन में ईंधन देने पर लगी रोक हटाना शामिल है।
इसके अलावा किसानों ने कृषि कार्यों के लिए मुफ्त बिजली बहाल करने, खाद की कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाने, पूरे प्रदेश में खाद की एक समान दर तय करने, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की सीमा बढ़ाकर प्रति एकड़ 40 हजार रुपये करने तथा धान और अन्य कृषि उपज का एकमुश्त भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।
किसान कांग्रेस ने यह भी मांग की कि रवि फसल सीजन में किसानों की धान की खरीदी भी सहकारी समितियों के माध्यम से की जाए ताकि किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
धरना प्रदर्शन के बाद एसडीएम सुब्रत प्रधान ने किसान कांग्रेस का ज्ञापन प्राप्त किया और आश्वासन दिया कि जिले में किसानों को खाद और बीज की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराने के लिए भी आवश्यक पहल की जा चुकी है। साथ ही किसान कांग्रेस द्वारा प्रस्तुत नौ सूत्रीय मांगों को शासन और उच्च अधिकारियों तक भेजा जाएगा ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।



