
नायब तहसीलदार की रहस्यमयी मौत – तीसरी मंजिल से गिरकर मौत, आत्महत्या, हादसा या कुछ और? जांच में कई सवाल अनसुलझे…
- नायब तहसीलदार की रहस्यमयी मौत – तीसरी मंजिल से गिरकर मौत, आत्महत्या, हादसा या कुछ और? जांच में कई सवाल अनसुलझे..
मध्य प्रदेश के विदिशा में नायब तहसीलदार कविता कड़ेला की संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई, जिससे पूरा राजस्व परिसर दहशत और सवालों के बीच घिर गया है, घटना मंगलवार को सांची रोड स्थित राजस्व विभाग के आवासीय परिसर में हुई, कविता के गिरते ही उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे परिसर को सील कर दिया और आत्महत्या, हादसा या किसी अन्य वजह—तीनों ही एंगल से जांच शुरू कर दी। मौके पर पहुंचे कलेक्टर, ASP और फॉरेंसिक टीम ने हर संदिग्ध चीज को कलेक्ट किया और छत से लेकर ग्राउंड तक सभी निशानों की बारीकी से जांच की।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे कविता कड़ेला अचानक तीसरी मंजिल की छत से नीचे गिर गईं। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस इसे सिर्फ एक संभावना मान रही है, क्योंकि कोई स्पष्ट साक्ष्य अभी सामने नहीं आया।
ASP डॉ. प्रशांत चौबे ने बताया कि गिरने के कारण गंभीर चोट लगने से मौत हुई, लेकिन यह गिरावट कैसे हुई—आत्महत्या, दुर्घटना या किसी अन्य कारण से—इसका निर्धारण जांच के बाद ही हो सकेगा। महिला थाना सिरोंज की अधिकारी उर्मिला को जांच अधिकारी बनाकर कई टीमों को जांच में लगाया गया है।
राजस्व परिसर में तैनात कर्मचारियों और आसपास के लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल मामले पर गहरा सस्पेंस बरकरार है।



