
30 करोड़ की ठगी का फरार आरोपी गिरफ्तार, अकलतरा पुलिस को बड़ी सफलता, शेयर मार्केट व रियल स्टेट के नाम पर करता था ठगी, आरोपी न्यायिक रिमांड पर, अन्य साथियों की तलाश जारी….
- 30 करोड़ की ठगी का फरार आरोपी गिरफ्तार, अकलतरा पुलिस को बड़ी सफलता, शेयर मार्केट व रियल स्टेट के नाम पर करता था ठगी, आरोपी न्यायिक रिमांड पर, अन्य साथियों की तलाश जारी….
जांजगीर-चांपा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, अकलतरा पुलिस ने शेयर मार्केट और रियल स्टेट के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में लगभग 30 करोड़ रुपए की ठगी के मामले का खुलासा हुआ है, आरोपी बीते कई वर्षों से फरार चल रहा था और लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं।
मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि प्रार्थी महेन्द्र कुमार कश्यप, निवासी कामता थाना शिवरीनारायण द्वारा थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, शिकायत में बताया गया कि जून 2024 में उसकी जान-पहचान के व्यक्ति प्रमोद कुमार वैष्णव, निवासी जवाहर नगर अकलतरा, ने स्वयं को रियल स्टेट एवं शेयर मार्केट का कारोबारी बताते हुए हर माह 15 प्रतिशत मुनाफा देने का लालच दिया, भरोसा दिलाने के लिए आरोपी ने अपने नाम से इकरारनामा तथा HDFC बैंक का 10 लाख रुपए का चेक भी प्रार्थी को दिया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने बताया की प्रार्थी ने अपनी बेटी की शादी के लिए धान बेचकर जमा किए गए 10 लाख रुपए नगद आरोपी को सौंप दिए, कुछ समय बाद आरोपी का मोबाइल बंद आने लगा और वह अपने घर से भी फरार हो गया, पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने कौशल प्रसाद कश्यप से 10 लाख रुपए तथा हीरा लाल कश्यप, निवासी चोरभट्टी से 5 लाख रुपए की इसी प्रकार ठगी की थी।
जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि आरोपी द्वारा शेयर मार्केट और रियल स्टेट के नाम पर 10 से 15 अन्य लोगों से भी लाखों और करोड़ों रुपए की ठगी की गई है, प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया, गवाहों के कथन लेखबद्ध किए गए तथा चेक और इकरारनामे जप्त किए गए।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपी प्रमोद कुमार वैष्णव, पिता स्वर्गीय मोचन दास वैष्णव, उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी जवाहर नगर अकलतरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, पूछताछ में आरोपी ने कोरबा, जांजगीर-चांपा और बिलासपुर जिलों में लगभग 30 करोड़ रुपए की ठगी करना स्वीकार किया है.
आरोपी के कब्जे से वेगनआर कार क्रमांक CG-11-M-8955 जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपए, एक अन्य कार क्रमांक CG-11-B-5814 जिसकी कीमत लगभग 8.50 लाख रुपए तथा यामाहा मोटरसाइकिल क्रमांक CG-11-BL-3379 जप्त की गई है, कुल जप्त संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपए बताई गई है, अन्य अर्जित संपत्तियों, भूमि एवं मकान संबंधी जानकारी की विवेचना जारी है।
आरोपी के विरुद्ध धारा 420 भारतीय दंड संहिता के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, प्रकरण में अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी पतासाजी लगातार की जा रही है, पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, थाना प्रभारी अकलतरा एवं थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा है।



