
हसौद थाना में आरक्षक जय लहरे की मौत, बैरक में फंदे से लटका मिला शव, घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप, आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू; मानसिक तनाव समेत सभी पहलुओं पर पड़ताल जारी…
- हसौद थाना में आरक्षक जय लहरे की मौत, बैरक में फंदे से लटका मिला शव, घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप, आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू; मानसिक तनाव समेत सभी पहलुओं पर पड़ताल जारी…
जांजगीर चांपा/ सक्ती:- कानून-व्यवस्था संभालने वाली वर्दी के भीतर छिपे मानसिक दबाव और व्यक्तिगत संघर्षों की एक और दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। सक्ती जिले के हसौद थाना में पदस्थ आरक्षक जय लहरे ने थाना परिसर स्थित ऑफिस बैरक में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने न केवल पुलिस विभाग को झकझोर दिया है, बल्कि यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि दूसरों की सुरक्षा का जिम्मा उठाने वाले पुलिसकर्मियों की मानसिक और भावनात्मक स्थिति पर कितना ध्यान दिया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल, आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मृतक आरक्षक जय लहरे जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम भलवाही के निवासी थे। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच हर पहलू से की जा रही है। आत्महत्या के पीछे व्यक्तिगत, पारिवारिक, मानसिक तनाव या अन्य किसी कारण की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ पाएगा।
उठ रहे हैं कई सवाल
- आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं कि एक पुलिस जवान ने इतना बड़ा कदम उठा लिया?
- क्या ड्यूटी का तनाव, व्यक्तिगत परेशानी या कोई अन्य वजह इसके पीछे थी?
- क्या पुलिस विभाग में कार्यरत जवानों की मानसिक स्थिति और तनाव प्रबंधन पर पर्याप्त ध्यान दिया जा रहा है?
फिलहाल, इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही मिल पाएंगे। लेकिन यह घटना एक बार फिर पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य और कार्यस्थल के दबाव को लेकर गंभीर चर्चा की आवश्यकता जरूर महसूस करा रही है।



