
अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड : अंतरराष्ट्रीय हिंदी मंच पर जांजगीर की गूंज, सानवी राठौर की साहित्यिक प्रतिभा ने बढ़ाया जिले का मान, 29 जनवरी को नई दिल्ली में होगा सम्मान…
- अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड : अंतरराष्ट्रीय हिंदी मंच पर जांजगीर की गूंज,
- सानवी राठौर की साहित्यिक प्रतिभा ने बढ़ाया जिले का मान, 29 जनवरी को नई दिल्ली में होगा सम्मान…
जांजगीर-चांपा जैसे छोटे किंतु साहित्यिक चेतना से समृद्ध नगर के लिए यह क्षण निस्संदेह गौरव और आत्मसम्मान से भरा है। हिंदी विकास संस्थान, दिल्ली द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड–2025 में जांजगीर की बेटी ने उल्लेखनीय सफलता अर्जित कर यह सिद्ध कर दिया है कि साहित्य और भाषा के क्षेत्र में यह नगर किसी भी बड़े महानगर से कम नहीं है।
इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में जांजगीर के विद्यालयों से जुड़े विद्यार्थियों ने न केवल सहभागिता की, बल्कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जिनमें से ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल जांजगीर में अध्ययरत कक्षा तीसरी की छात्रा सानवी राठौर को स्वर्ण पदक एवं हिंदी बालश्रेष्ठ सम्मान से अलंकृत किया जाना पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। यह सम्मान 29 जनवरी को नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय के तीन मूर्ति भवन सभागार में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिंदी सम्मान समारोह में प्रदान किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि, व्याकरणिक दक्षता, रचनात्मक सोच और सांस्कृतिक चेतना का विकास करना है। जांजगीर की नन्ही छात्रा की इस उपलब्धि ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद यहाँ की शैक्षणिक और साहित्यिक भूमि अत्यंत उर्वर है।



