
मनरेगा संशोधन के विरोध में युवा कांग्रेस मैदान में, जांजगीर-चांपा से युवा महापंचायत का बिगुल, NOB फॉर्म लॉन्च, जन आंदोलन की तैयारी शुरू…
जांजगीर चांपा:- मनरेगा में किए गए संशोधन के खिलाफ युवा कांग्रेस ने बिगुल फूंक दिया है, युवा कांग्रेस ने इस फैसले को मजदूरों, ग्रामीण युवाओं और गरीब तबके के अधिकारों पर सीधा हमला बताते हुए युवा महापंचायत के आयोजन की घोषणा की है। इसी क्रम में आज एक अहम प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस प्रभारी अमित सिंह पठानिया, सहप्रभारी डॉ. मोनिका मंडरे एवं प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा के निर्देशानुसार जिला स्तर पर यह प्रेस वार्ता आयोजित की गई, प्रेस वार्ता का नेतृत्व युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज शुक्ला ने किया। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज शुक्ला ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा में किया गया संशोधन मजदूरों को रोजगार से वंचित करने की साजिश है, यह बदलाव ग्रामीण अर्थव्यवस्था को कमजोर करेगा और बेरोजगारी को और बढ़ावा देगा, जिसे युवा कांग्रेस किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी। प्रेस वार्ता के दौरान NOB फॉर्म को भी विधिवत रूप से लॉन्च किया गया, जिला अध्यक्ष पंकज शुक्ला ने बताया कि इस फॉर्म के माध्यम से आम जनता और युवाओं को आंदोलन से जोड़ा जाएगा, ताकि मनरेगा संशोधन के खिलाफ आवाज और अधिक मजबूत हो सके, पंकज शुक्ला ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में युवा महापंचायत के जरिए बड़े स्तर पर जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा, मनरेगा गरीबों की जीवनरेखा है। इसमें किया गया संशोधन मजदूरों के हक छीनने जैसा है। युवा कांग्रेस इसके खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।



