
मुलमुला पुलिस पर लापरवाही का आरोप, एक माह बाद भी नहीं मिला नाबालिग, FIR के बाद लोकेशन ट्रेस लेकिन फिर भी कार्रवाई में देरी, परिजनों ने जांच अधिकारी पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार……
- मुलमुला पुलिस पर लापरवाही का आरोप, एक माह बाद भी नहीं मिला नाबालिग, FIR के बाद लोकेशन ट्रेस लेकिन फिर भी कार्रवाई में देरी, परिजनों ने जांच अधिकारी पर लगाए गंभीर आरोप…
जांजगीर चांपा:- जिले के एक नाबालिग गुमशुदगी मामले में मुलमुला पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि 08 मई 2026 को एफआईआर दर्ज होने के बावजूद करीब एक माह बाद भी नाबालिग की बरामदगी नहीं हो सकी है। परिजनों का कहना है कि गुमशुदगी के लगभग 10 दिन बाद ही संबंधित लोकेशन ट्रेस हो गई थी, लेकिन इसके बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं की गई।पीड़ित परिवार ने मामले के विवेचक अनिल अजगल्ले पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि कार्रवाई के लिए उनसे स्वयं किराये की गाड़ी की व्यवस्था करने का दबाव बनाया गया। परिवार के अनुसार दो बार वाहन बुक कराने के बाद भी मौके पर जाने में देरी की गई, जिससे जांच की गति प्रभावित हुई।परिजनों का आरोप है कि लगातार गुहार लगाने के बावजूद मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। उनका कहना है कि यदि शुरुआती दिनों में प्रभावी कार्रवाई होती तो नाबालिग की बरामदगी संभव हो सकती थी। पीड़ित परिवार ने वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।इस मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या आम और गरीब परिवारों की शिकायतों को पर्याप्त प्राथमिकता मिल रही है। फिलहाल पीड़ित परिजनों के आरोपों के बाद सभी की नजर पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।



