
Breaking NewsDurg–BhilaiRaipurState & Local News
अश्लील डांस का वीडियो वायरल होते ही SDM पद से हटाए गए, जांच समिति गठित, प्रशासन हरकत में…
- अश्लील डांस का वीडियो वायरल होते ही SDM पद से हटाए गए, जांच समिति गठित, प्रशासन हरकत में..
गरियाबंद जिले में प्रशासनिक अनुशासन और मर्यादा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, ओपेरा के नाम पर अश्लील नृत्य कार्यक्रम आयोजित करने के मामले में देवभोग पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आयोजन को एक दिन पहले ही बंद करा दिया था और मौके से टेंट भी हटवा दिया गया था।
इस मामले में उस वक्त बड़ा मोड़ आया जब अश्लील डांस के दौरान “चांस मारते” वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वीडियो सामने आने के बाद दो पुलिस कर्मियों को लाइन अटैच किया गया, वहीं प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए। जानकारी के अनुसार इस आयोजन की अनुमति मैनपुर के एसडीएम तुलसीदास मरकाम द्वारा दी गई थी। आरोप है कि एसडीएम की मौजूदगी में अश्लील डांस चलता रहा और वे खुद वीडियो बनाते हुए नजर आए। इतना ही नहीं, सहयोगी एसडीएम के नाम पर पैसे लुटाने के दृश्य भी वीडियो में कैद बताए जा रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस और जिला प्रशासन हरकत में आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर भगवान सिंह यूईक ने मैनपुर एसडीएम तुलसीदास मरकाम को उनके पद से हटा दिया है। कलेक्टर ने पुष्टि की कि एसडीएम को तत्काल प्रभाव से कलेक्टोरेट अटैच किया गया है। कलेक्टर ने बताया कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए अपर कलेक्टर के नेतृत्व में जांच समिति गठित की गई है। यह समिति आयोजन की अनुमति, कार्यक्रम की निगरानी, प्रशासनिक जिम्मेदारी और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की गहन जांच करेगी। जांच रिपोर्ट संभागायुक्त को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई तय होगी।
फिलहाल इस पूरे मामले ने जिले में प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।



