
IPS रतन लाल डांगी निलंबित, सरकार का सख्त एक्शन, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वायरल फोटो बना कार्रवाई की वजह…
- IPS रतन लाल डांगी निलंबित, सरकार का सख्त एक्शन,
- सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वायरल फोटो बना कार्रवाई की वजह…
छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रतन लाल डांगी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि हाल ही में सोशल मीडिया पर उनकी एक आपत्तिजनक फोटो वायरल हुई थी, जिसे सरकार ने गंभीरता से लिया।
जारी आदेश में कहा गया है कि रतन लाल डांगी ने अपने पद की गरिमा के अनुरूप आचरण नहीं किया और उनका व्यवहार अशोभनीय तथा नैतिकता के प्रतिकूल पाया गया। साथ ही, उन्होंने अपने पद के प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए स्थापित सामाजिक और सांस्कृतिक मानकों का उल्लंघन किया है। सरकार के अनुसार, यह कृत्य अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियम 1968 के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन है। यह मामला इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया में व्यापक रूप से प्रसारित हुआ, जिससे आम जनता के बीच पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस अनैतिक कृत्य के लिए रतन लाल डांगी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार हैं और उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। इसी आधार पर राज्य शासन ने अखिल भारतीय सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम 1969 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर निर्धारित किया गया है। साथ ही, निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा और बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के वे मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।




