
जांजगीर चांपा जिले के लगरा सहकारी समिति में बड़ा हादसा: 40 गठान नया बारदाना आग की चपेट में, लाखों का नुकसान…
जांजगीर-चांपा :- पामगढ़ थाना क्षेत्र के लगरा सेवा सहकारी समिति में आज सुबह बड़ा हादसा हुआ, जहां धान खरीदी केंद्र के सामने चबूतरे पर रखे लगभग 40 गठान नए बारदाना में अचानक आग भड़क उठी, देखते ही देखते बारदाना पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार, इस घटना में करीब 10 से 15 लाख रुपए से अधिक का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है, बताया जा रहा है कि प्राधिकृत अधिकारी द्वारा कल ही बारदाना को खाली कराया गया था, जिसके बाद इसे अस्थायी रूप से केंद्र के सामने रखा गया था.
धान खरीदी शुरू होने से ठीक पहले लगी इस आग ने अधिकारियों और किसानों में हड़कंप मचा दिया है, आग लगने के कारणों का पता अभी नहीं चल सका है, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और समिति के जिम्मेदार मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं.
समिति के कर्मचारियों ने बताया कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता, तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था, फिलहाल घटना के कारणों और संभावित लापरवाही की जांच जारी है।



