
आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय : रजनीश सिंह, भाजपा की प्रेस वार्ता में कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मूल्यों के दमन का आरोप, नई पीढ़ी को आपातकाल की सच्चाई बताने पर जोर…
जिला भारतीय जनता पार्टी जांजगीर-चांपा द्वारा आज भाजपा जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित श्री रजनीश सिंह, अध्यक्ष, केंद्रीय सहकारी बैंक, बिलासपुर संभाग ने वर्ष 1975 में कांग्रेस सरकार द्वारा लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र पर सबसे बड़ा कूटराघात बताया।
श्री सिंह ने कहा कि 25 जून 1975 की मध्यरात्रि को तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी द्वारा देश में आपातकाल लागू किया गया, जिसने भारत के लोकतांत्रिक इतिहास पर एक काला धब्बा लगा दिया। आपातकाल के दौरान संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों को निलंबित कर दिया गया, प्रेस पर सेंसरशिप लगा दी गई, न्यायपालिका की स्वतंत्रता को प्रभावित करने का प्रयास किया गया तथा विपक्षी नेताओं, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और छात्र नेताओं को बिना किसी अपराध के जेलों में बंद कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की आवाज को दबाने के लिए सत्ता का दुरुपयोग किया गया। देशभर में भय और दमन का वातावरण बनाया गया, लाखों नागरिकों की स्वतंत्रता प्रभावित हुई तथा सरकार की आलोचना करना भी अपराध जैसा माना जाने लगा। अनेक समाचार पत्रों को प्रकाशित होने से रोका गया और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर कठोर प्रतिबंध लगाए गए।
श्री सिंह ने कहा कि जयप्रकाश नारायण, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी सहित अनेक लोकतंत्र सेनानियों ने जेलों में रहते हुए भी लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनके त्याग और बलिदान के कारण ही देश में पुनः लोकतंत्र की बहाली संभव हो सकी। उन्होंने कहा कि आपातकाल केवल एक राजनीतिक घटना नहीं, बल्कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों पर किया गया संगठित हमला था, जिससे देश को सीख लेते हुए लोकतंत्र की रक्षा के लिए सदैव सजग रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देशभर में आपातकाल के विरोध में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर नई पीढ़ी को उस दौर की सच्चाई से अवगत करा रही है, ताकि लोकतंत्र, संविधान और नागरिक अधिकारों के महत्व को समझा जा सके। लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक रहना आवश्यक है।
आज की प्रेस वार्ता में प्रमुख रूप से नंद चौधरी, जिला महामंत्री, श्रीमती नंदनी राजवाड़े, जिला महामंत्री, श्रीमती सत्यलता मिरी, जिला पंचायत अध्यक्ष, रवि पांडे, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, श्रीमती प्रियंका सिंह, जिला पंचायत सदस्य, प्रदीप शराफ, जिला मीडिया प्रभारी राकेश रूपवानी तथा श्री पुष्पेंद्र निलमरकर उपस्थित रहे।



