
16 करोड़ की गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा, ओडिशा के 4 और आरोपी गिरफ्तार, 3.14 टन गांजा मामले में अब तक 9 आरोपियों पर कार्रवाई, पुलिस ने नेटवर्क की कई परतें खोलीं, छत्तीसगढ़ पुलिस और ओडिशा STF की संयुक्त कार्रवाई, तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी…
- 16 करोड़ की गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा, ओडिशा के 4 और आरोपी गिरफ्तार,
- 3.14 टन गांजा मामले में अब तक 9 आरोपियों पर कार्रवाई, पुलिस ने नेटवर्क की कई परतें खोलीं,
- छत्तीसगढ़ पुलिस और ओडिशा STF की संयुक्त कार्रवाई, तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी…
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पुलिस ने करोड़ों रुपये के गांजा तस्करी नेटवर्क का बड़ा खुलासा किया है। 16 करोड़ रुपये कीमत के 3.14 टन गांजा तस्करी मामले में पुलिस ने ओडिशा के चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इसी मामले में पांच आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।
बलरामपुर पुलिस और ओडिशा एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली है। थाना बसंतपुर क्षेत्र में दर्ज दो अलग-अलग मामलों में कुल 3,139.570 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 करोड़ रुपये बताई गई है।
पहला मामला 29 दिसंबर 2025 का है, जब एक टाटा ट्रक से नारियल की भूसी के अंदर छिपाकर राजस्थान ले जाया जा रहा 1,198.460 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। इसके बाद 11 जून 2026 को एक अन्य ट्रक से 1,941.110 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया था। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी लोकेश शर्मा से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि ओडिशा के सोनपुर स्थित लोपा ढाबा के पास स्थानीय लोगों की मदद से पिकअप वाहन के जरिए ट्रकों में गांजा लोड किया जाता था। तस्कर ट्रकों की निगरानी जीपीएस के माध्यम से करते थे और आपस में मोबाइल एप के जरिए संपर्क बनाए रखते थे।
इसी दौरान ओडिशा एसटीएफ ने 24 जून 2026 को 191.300 किलोग्राम गांजा के साथ आरोपी निलांबर कंहार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में थाना बसंतपुर के दोनों मामलों में शामिल चार अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आई।
बलरामपुर पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट लेकर आरोपियों से पूछताछ की। पहचान परेड में पहले से गिरफ्तार आरोपी लोकेश शर्मा और आमिष अंसारी ने चारों आरोपियों की पहचान की और बताया कि इन्हीं लोगों ने ट्रकों में गांजा लोड कराया था। पुलिस के मुताबिक चारों आरोपियों ने पूछताछ में अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों में दुर्वाशा साहु, सुबुधी साहु, अरुण कुमार राणा और प्रकाश खटुआ शामिल हैं। सभी आरोपी ओडिशा के बौध जिले के कंटामाल थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
“जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस तरह के अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बलरामपुर पुलिस का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।



