
गेमन पुल में बड़ा हादसा टला, बाल-बाल बचे लोग, ट्रैक्टर चालक फरार…
जांजगीर-चांपा: जांजगीर और चांपा शहर को जोड़ने वाले हसदेव नदी स्थित गेमन पुल पर आज सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, गिट्टी से भरा एक ट्रैक्टर चांपा की ओर जा रहा था, तभी अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और ट्रैक्टर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए जा घुसा। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सौभाग्य से कोई जनहानि नहीं हुई और सभी लोग बाल-बाल बच गए।

घटना की सूचना मिलते ही चांपा पुलिस और यातायात विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत जाम हटाने की कार्रवाई शुरू की और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को चैन माउंटेन मशीन की मदद से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल ट्रैक्टर चालक फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान अक्सर हादसे की आशंका बनी रहती है। प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि यह ट्रैक्टर किसका था और दुर्घटना कैसे हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।



