Advertisment
Screenshot_20260201_080007
Advertisment
Education & JobsCareer GuideChhattisgarhJanjgir–ChampaKnowledge & CareerState & Local News

31 मई को जांजगीर में मछुआरा समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का होगा सम्मान, कैरियर काउंसलिंग और विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन…

 

  • 31 मई को जांजगीर में मछुआरा समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का होगा सम्मान, कैरियर काउंसलिंग और विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन..
  • संभाग स्तरीय आयोजन में समाजिक एकता और शिक्षा को बढ़ावा, टॉप विद्यार्थियों को मिलेगी छात्रवृत्ति और सम्मान 

मछुआरा समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के सम्मान एवं कैरियर मार्गदर्शन को लेकर जिला मुख्यालय जांजगीर में 31 मई रविवार को भव्य संभाग स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ युवा धीवर समाज के तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य मछुआरा समाज के सामाजिक बंधुओं में सामाजिक एकता, समरसता, अखंडता और पारस्परिक सद्भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम जिला पंचायत के पास स्थित न्यू ऑडिटोरियम भवन जांजगीर में सुबह 10 बजे से आयोजित होगा, जिसमें कैरियर काउंसलिंग, प्रतिभा सम्मान एवं विशाल रक्तदान शिविर जैसे सामाजिक गतिविधियां होंगी।

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में प्राइमरी, मिडिल स्कूल, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी, स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, तकनीकी एवं व्यवसायिक परीक्षाओं में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा दिल मेमोरियल फाउंडेशन की ओर से दीनदयाल धीवर, लक्ष्मी प्रसाद धीवर, देवदत्त धीवर, कीर्ति आदित्य, राधेश्याम ढीमर एवं भूखलू ढीमर की स्मृति में छात्रवृत्ति योजना के तहत प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी।

प्राइमरी एवं मिडिल स्कूल के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को क्रमशः 1000, 700 और 500 रुपए की छात्रवृत्ति दी जाएगी। वहीं हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी के टॉप 5 विद्यार्थियों को 3100, 2100, 1100, 1000 एवं 1000 रुपए की प्रोत्साहन राशि, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन समिति ने विद्यार्थियों से आधार कार्ड और अंकसूची की छायाप्रति के साथ पंजीयन कराने की अपील की है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मछुआरा कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त लखन लाल धीवर शामिल होंगे। वहीं जांजगीर विधायक व्यास कश्यप अतिअति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता गुण्डरदेही विधायक मान कुंवर सिंह निषाद करेंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के कई सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

कार्यक्रम में अनुभवी काउंसलरों द्वारा विद्यार्थियों को कैरियर मार्गदर्शन दिया जाएगा। रेलवे, शिक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य, सॉफ्टवेयर, अधिवक्ता एवं पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार और उच्च शिक्षा के अवसरों की जानकारी देंगे। साथ ही व्यावसायिक मत्स्य प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

आयोजन समिति के नवीन धीवर ने समाज के सभी सामाजिक बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने और प्रतिभावान विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विगत पांच वर्षों से लगातार इस प्रकार के आयोजन किए जा रहे हैं, जिससे समाज के प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने के लिए मंच और प्रेरणा मिल रही है।

Lakheshwar Yadav

Office Add. - Link Road, Angel Sports Complex Janjgir, 495668 Mob.9755932150

Related Articles

Back to top button