
जाज्वल्य देव लोक महोत्सव के आयोजन की मांग तेज, पार्षद अजीत गढ़वाल ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, कृषि व संस्कृति को बढ़ावा देने की अपील..
- जाज्वल्य देव लोक महोत्सव के आयोजन की मांग तेज, पार्षद अजीत गढ़वाल ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, कृषि व संस्कृति को बढ़ावा देने की अपील..
जांजगीर-नैला नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 24 के पार्षद अजीत गढ़वाल ने कलेक्टर को पत्र लिखकर जिले में “जाज्वल्य देव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला” के आयोजन की मांग की है। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि यह महोत्सव हर वर्ष फ़रवरी माह में आयोजित होने वाला एक प्रमुख सांस्कृतिक एवं कृषि आयोजन रहा है, जिसमें कृषि प्रदर्शनी, उन्नत तकनीकों की जानकारी, लोक नृत्य, कवि सम्मेलन, मीना बाजार तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए जाते हैं।
पार्षद अजीत गढ़वाल ने कहा कि यह आयोजन किसानों और स्थानीय नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी है और इसका मुख्य उद्देश्य कृषि विकास के साथ-साथ जिले की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि जांजगीर-चांपा एक कृषि प्रधान जिला है और इस महोत्सव में पूर्व में मुख्यमंत्री सहित राज्य के मंत्रीगण भी शामिल होते रहे हैं।
उन्होंने कलेक्टर से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम की अंतिम रूपरेखा तैयार कर शीघ्र आयोजन करने की मांग की है, ताकि किसानों, युवाओं और आम नागरिकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।



